![](https://sp-ao.shortpixel.ai/client/q_glossy,ret_img,w_1280,h_877/https://azadduniyanews.com/wp-content/uploads/2021/11/IMG-20211130-WA0021.jpg)
आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं शिकायतों के निष्पादन हेतु मंगलवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों की शिकायतों को सुनकर उसके त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।
सिंदरी से आए हुए एक युवक ने बताया कि वह हर्ल सिंदरी में कार्यरत थे। वर्तमान में उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने पुनः उन्हें हर्ल में नौकरी दिलाने का अनुरोध किया।
तोपचाची से आई हुए एक महिला ने बताया कि उन्हें पीएमएवाई के तहत आवास की स्वीकृति मिली है। जिसकी राशि भी उनके बैंक खाते में आ गई है। भूमिहीन होने के कारण वह अपना घर नहीं बना पा रही है। उन्होंने उपायुक्त महोदय से आवास बनाने हेतु भूमि बंदोबस्ती करने का अनुरोध किया।
तेतुलमारी से आई हुई एक महिला ने बताया कि वह एक विद्यालय में रसोईया का कार्य करती है। वर्तमान में स्कूल के प्रधानाध्यापक उन्हें कार्यमुक्त करने की बात कहते हैं। उन्होंने उपायुक्त महोदय से इस मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें सहयोग करने का अनुरोध किया।
बाघमारा से आई हुई एक महिला ने बताया कि एक व्यक्ति उनके मकान के सामने एक गुमटीनुमा दुकान संचालित कर रहे हैं। कई बार कहने पर भी उन्होंने अपनी गुमटी हटाई नहीं है। वह थाना, प्रखंड, अंचल सब जगह गुहार लगा चुकी है। लेकिन उन्हें कहीं से मदद नहीं मिली है। उन्होंने उपायुक्त महोदय से उक्त गुमटी को हटवाने का अनुरोध किया।
महुदा से आए हुए एक व्यक्ति ने बताया कि भू-अर्जन विभाग द्वारा बिना उनकी सहमति के उनके बैंक खाते में 5,31,000 रुपये जमा कराया गया है। उनकी भूमि एनएच हेतु अधिग्रहित की गई है। जिस पर पूर्व से मकान बना हुआ था। उन्हें भूमि का मुआवजा दिया जा रहा है। परंतु मकान के संबंध में कोई कार्रवाई नही हुई है। उन्होंने उपायुक्त महोदय से इस मामले की जांच कर उचित मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया।
इसी प्रकार कई लोगों ने उपायुक्त से मिलकर ऑनलाइन लगान रसीद, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन इत्यादि से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया।
उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
![](https://i1.wp.com/azadduniyanews.com/wp-content/uploads/2021/10/WhatsApp-Image-2021-10-17-at-2.03.05-PM.jpeg)
![](https://i2.wp.com/azadduniyanews.com/wp-content/uploads/2021/10/WhatsApp-Image-2021-10-17-at-2.05.18-PM-1024x261.jpeg?resize=1024%2C261)