20 सितंबर से चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान

जमुई से सरोज कुमार दुबे की रिपोर्ट

जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत 20 सितंबर से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर डीईसी व अल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कराएगी। कार्यक्रम की सफलता के लिए स्वास्थ्य संस्था पीसीआई के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को संस्था के प्रिंस कुमार ने स्थानीय परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में छात्राओं को कार्यक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही फाइलेरिया मुक्त गांव बनाने के लिए छात्राओं को शपथ भी दिलवाया। उन्होंने बताया कि 2 वर्ष से 05 वर्ष के बच्चों को डीईसी तथा अलबेंडाजोल की एक गोली, 06 वर्ष से 14 वर्ष तक के लोगों को डीईसी की दो तथा अलबेंडाजोल की एक गोली एवं 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को डीईसी की तीन तथा अलबेंडाजोल की एक गोली खिलाई जाएगी। 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को कोई दवा नहीं खिलाई जानी है।उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है जो क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। क्यूलेक्स मच्छर आम तौर से लोगों से घरों के दूषित स्थलों, छत पर, आसपास लगे हुए पानी में भी पाया जाता है। शुरुआती लक्षण में बुखार का आना, शरीर में लाल धब्बे या दाग होना, शरीर के किसी भी अंग में सूजन होना आदि होता है। ज्यादातर इस बीमारी से ग्रसित लोगों के पांव या हाइड्रोसिल में सूजन हो जाती है। मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार, राजेश कुमार, कुमार कृष्ण सत्यम, श्याम सुंदर पांडेय, श्वेता कुमारी, कुमारी अलका आदि मौजूद थे।

Related posts